यूपी के अधिकारियों से संपर्क करके शराब की तस्करी पर रोक लगाने की बात किए : डीआइजी
बगहा। पुलिस जिले में लूट, हत्या व डकैती जैसे गंभीर मामलों में जो अपराधी फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाकर जेल भेजें। शराब की तस्करी रोकने के लिए यूपी के अधिकारियों से संपर्क कर अभियान चलाएं। साथ ही बैंक व अन्य बड़े प्रतिष्ठान की नियमित जांच करें।
उक्त आदेश डीआइजी प्रवण कुमार प्रवीण ने गुरुवार को बगहा पुलिस जिले में लंबित चल रहे मामलों की समीक्षा के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस जिले में जितने भी ऐसे मामले लंबित चल रहे हैं। उसकी समीक्षा में मिला कि अधिकतर मामलों में पुलिस अपराधियों की पहचान कर ली है। जिन अपराधियों पहचान हुई है। उनका कार्य क्षेत्र बगहा, बेतिया, मोतिहारी के साथ-साथ सीमाई जिले यूपी के भी कई जिला हैं। चिन्हित अपराधियों में अधिकतर अभी बिहार के साथ-साथ यूपी के जेलों में बंद है। जिन्हें रिमांड पर लेने का आदेश पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया है।
डीआइजी ने बताया कि समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया है कि बगहा पुलिस जिले में उत्पाद के अधिक मामले आ रहे हैं। ऐसे में यूपी के अधिकारियों से संपर्क स्थापित कर यूपी से आने वाली शराब की खेप पर अंकुश लगाने का भी एसपी को आदेश दिया। सीमाई क्षेत्रों से लगे बगहा पुलिस जिले के थानाध्यक्षों को सख्त आदेश दें कि तस्कर यूपी से शराब की खेप बिहार में नहीं पहुंच सके। इसके लिए जरूरी है कि यूपी से लगे सड़क पर बने पुलिस चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच चलाएं। मौके पर एसपी किरण कुमार गोरख जाधव, डीएसपी कैलाश प्रसाद आदि मौजूद थे।

