पटना में गंगा नदी में 50 लोगों से भरी 2 नावों की टक्कर हो गई। इससे दोनों नाव नदी में पलट गईं और इनमें सवार लोग नदी में गिर गए। हालांकि, इनमें से ज्यादातर लोगों को नदी से निकाला जा चुका है, वहीं 8 से 10 लोग अब भी लापता हैं। SDRF की टीम उनकी तलाश में लगी हुई है। हादसे वाली जगह से 3 किलोमीटर के दायरे में लापता लोगों की तलाश की जा रही है। माना जा रहा है कि गंगा के तेज बहाव के चलते दोनों नाव का बैलेंस बिगड़ने से ये हादसा हुआ।
इधर, मनेर सीओ (सर्किल ऑफिसर) ने बताया है कि रविवार शाम 5.30 बजे शाहपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर घाट पर यह हादसा हुआ। इसमें 2 नावों की टक्कर से करीब 50 लोग गंगा नदी में गिर गए। इनमें से 40-42 लोग सुरक्षित बाहर आ गए। 8 से 10 लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
नाव हादसे की आपबीती
पटना नाव हादसे में बचे दाउदपुर के भोला पंडित ने बताया कि हादसे में वो तो बाल-बाल बच गए लेकिन उनकी पत्नी अभी भी लापता है। भोला पंडित ने भास्कर से कहा कि हादसे में अभी भी 22 से 25 लोग लापता हैं। उन्होंने बताया कि बहाव तेज था। नाव एकदम से पलट गई। मैं तैरते-तैरते थक गया था। नदी की धार तेज थी। अब हिम्मत नहीं हो रही थी। लगा कि मौत सामने है। तभी एक नाव आई। नाव में सवार लोगों ने रस्सी फेंकी मैं उसे नहीं पकड़ पाया। इसके बाद उन्होंने मेरी तरफ एक बांस फेंका। उसे पकड़कर मैं उनकी नाव में चढ़ा। खुद को बचाने के चक्कर में मैं अपनी पत्नी को नहीं देख सका।

