लौरिया के बैंक ऑफ बड़ौदा की घटना: 10 मिनट के अंदर 6 बदमाश कैशियर के पास से व लाॅकर में रखे रुपए लूट कर हो गए फरार
![]() |
| घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल करते एसपी व अन्य |
- अपराधियों ने मास्क लगाया था, जिस कारण नहीं हो रही पहचान
लौरिया में शनिवार को 10 बजे बैंक आफ बड़ौदा की शाखा खुल गई थी। बैंक की सफाई होकर कर्मचारियों ने अपनी सीट संभाली थी। बैंक में 11 बजे तक करीब 12 ग्राहक पहुंच चुके थे। जिसमें 8 महिलाएं ही थी। इसी बीच बैंक मैनेजर को देखने कटिहार से कुछ पाहुन पहुंच गए। परिचय बात के बाद मैनेजर रंजन कुमार पाठक ने आदेशपाल राधेश्याम यादव को पाहुन लोगों के लिए नाश्ता लाने भेजा। करीब 11.45 बजे अभी राधेश्याम बैंक परिसर से बाहर भी नहीं निकला था तभी छह की संख्या में घुसे हथियार बंद बदमाशों ने सभी को गन पॉइंट पर ले लिया और बैंक लूटने लगे। इस बीच थाना से बहाल चौकीदार ने मोबाइल निकाल कर कॉल करना चाहा। जिसे बदमाशों ने छीनकर जमीन पर पटक कर तोड़ दिया और सीना पर बंदूक तान दी।
फिर बदमाशों ने 10 मिनट के अंदर ही 14 लाख 30 हजार 100 रुपया लेकर चंपत हो गए। अपराधियों के जाने के 20 मिनट बाद पुलिस को सूचना मिली जिसके बाद पुलिस हरकत में आई, तब-तक अपराधी पुलिस पकड़ से काफी दूर जा चुके थे। सूचना के बाद एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने घटना स्थल पर पहुंच मामले का पड़ताल किया। उधर मैनेजर पाठक ने बताया कि बैंक में हथियार लेकर आए 6 नकाबपोश अपराधियों ने सभी को गन प्वाइंट पर ले घटना को अंजाम दिया है।
अपराधी बाइक से भागे, सभी थाना को अलर्ट मोड में रखा
एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बैंककर्मियों, चौकीदार एवं बैंक में मौजूद ग्राहकों से गहन पूछताछ की। एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। बहुत जल्द लूटकांड का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। कुछ दिन पूर्व बेतिया में हुई लूटकांड की घटना को भी इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अपराधी बाइक से भागे है। सभी थाना को अलर्ट मोड में रखा गया है। मलदहिया एवं अजुआ मेन रोड में छापेमारी की जा रही है।
बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद है पूरी वारदात
अपराधियों द्वारा लूटकांड की पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस भी सीसीटीवी फुटेज खंगालने में बैंक कर्मियों से कह रही लेकिन शाखा प्रबंधक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज निकालने में वे सक्षम नहीं है। मुजफ्फरपुर टीम को सूचना दे दी गई है। मुजफ्फरपुर से टीम पहुंच रही है। वहीं फुटेज निकालेगी। जिससे अपराधियों की पहचान की जाएगी।
बदमाशों की उम्र 20 से 28 वर्ष थी, बैंक के कपड़े में रुपए ले गए
बैंक में मौजूद प्रत्यक्षदर्शी राजा यादव ने बताया कि सभी अपराधियों की उम्र लगभग 20 से 28 वर्ष था। सभी अपराधी जिंस पैंट, टीशर्ट पहने हुए थे और मुंह पर मास्क लगाए थे। 6 की संख्या में लगभग पौने बारह बजे बैंक में प्रवेश किए। सबसे पहले गेट के अंदर खड़े चौकीदार को गन पॉइंट पर अपने कब्जे में लिया। एक अपराधी बैंक में आएं ग्राहकों को कब्जे में लेकर सभी को अंदर एक साइड में खड़ा कराया। उसमें से एक अपराधी बैंक के शाखा प्रबंधक राजन पाठक और कैशियर अभिषेक कुमार गुप्ता को अपने कब्जे में लिया और सभी का मोबाइल एक टेबल पर रखवा दिया।
उसके बाद अपराधियों ने कैशियर के पास रखे 5 लाख 20 रुपया छीन लिया। कट्टा और चाकू के सहारे बैंक का लॉकर खुलवाकर उसमें रखे 9 लाख 80 हजार रुपया लूट लिया। उन्होंने कैशियर का बैग छीनकर रुपया रखने लगे। जब रुपए से बैग भर गया तो बाकी बचे रुपए को रखने के लिए इधर उधर नजर दौड़ानी शुरू की। बैंक का कागजात जिस कपड़ा में रखा था उसपर नजर पड़ते ही उसी कपड़े में रुपए रखना शुरू कर दिया। उसके बाद सभी अपराधी रुपए लेकर वहां से भाग गए।

